चिलहर नहर के पास घेराबंदी कर पकड़ी गई 767 लीटर शराब बक्सर खबर। चौसा–धनसोई मार्ग पर उत्पाद विभाग ने मंगलवार की रात बड़ी कार्रवाई करते हुए चिलहर गांव स्थित नहर के पास घेराबंदी कर दो अलग-अलग स्कॉर्पियो गाड़ियों से भारी मात्रा में देशी-विदेशी शराब और बीयर बरामद की। छापेमारी के दौरान कुल 767.860 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। कार्रवाई का नेतृत्व एक्साइज इंस्पेक्टर प्रीति कुमारी ने किया। उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिला से शराब की एक बड़ी खेप इसी मार्ग से भोजपुर जिला में खपाने के उद्देश्य से लाई जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने मंगलवार की देर रात चिलहर नहर के समीप सघन घेराबंदी कर निगरानी शुरू की। रात्रि लगभग 11 बजे दो संदिग्ध स्कॉर्पियो गाड़ियां आती दिखाई दीं। टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों वाहनों को रोककर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान गाड़ियों से भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।
पहली स्कॉर्पियो (संख्या जेएच-09एल-5243) से 189 लीटर देसी शराब, 17.280 लीटर विदेशी शराब और 123.5 लीटर बीयर, कुल 329.780 लीटर बरामद की गई। वहीं दूसरी स्कॉर्पियो (संख्या एचआर-51एक्स-6881) से 262.08 लीटर विदेशी शराब और 176 लीटर बीयर, कुल 438.08 लीटर जब्त की गई। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोखिन कुमार 21 वर्ष, पिता पारसनाथ यादव, निवासी केसरी थाना धनगाई, जिला भोजपुर तथा रौशन कुमार 23 वर्ष, पिता सम्भू सिंह, निवासी खिरिकोन थाना अगियांव बाजार, जिला भोजपुर के रूप में हुई है। एक अन्य गिरफ्तार आरोपित नाबालिग बताया गया है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है तथा सभी आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

































































































