हिंदू-मुस्लिम सहित विभिन्न समुदायों की बेटियों का होगा निःशुल्क परिणय, 56 प्रकार के व्यंजनों के साथ 20 हजार मेहमानों के स्वागत की तैयारी बक्सर खबर। धर्म की नगरी और महर्षि विश्वामित्र की तपोभूमि बक्सर का ऐतिहासिक किला मैदान 26 मई को एक नई सामाजिक इबारत लिखने जा रहा है। इस दिन शहर के युवा समाजसेवी ओम जी यादव के जन्मदिन के अवसर पर भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन होगा, जिसमें हिंदू, मुस्लिम और अन्य अल्पसंख्यक समुदायों की जरूरतमंद बहन-बेटियों का निःशुल्क विवाह संपन्न कराया जाएगा। आयोजन को गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक समरसता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। समारोह में एक ही मंच से विविध परंपराओं का संगम देखने को मिलेगा। जहां एक ओर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वर-वधू अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लेंगे, वहीं दूसरी ओर काजी द्वारा मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ाया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार अब तक नौ जोड़ों का पंजीकरण हो चुका है और संख्या निरंतर बढ़ रही है। इच्छुक परिवार 09576480011 पर संपर्क कर या वीर कुंवर सिंह चौक स्थित कार्यालय में पहुंचकर पंजीकरण करा सकते हैं। दो दिन पूर्व अंबेडकर चौक स्थित श्याम उत्सव वाटिका में आयोजित प्रेस वार्ता में ओम जी यादव ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने का प्रयास है। उनके साथ भोजपुरी जगत के सुपरस्टार गायक एवं अभिनेता अरविंद अकेला उर्फ कल्लू, प्रतिष्ठित व्यवसायी अजय मानसिंहका और अनिल मानसिंहका भी मौजूद रहे। उन्होंने ने बताया कि हर जोड़े को गृहस्थ जीवन की शुरुआत के लिए अलमीरा, दीवान पलंग, ड्रेसिंग टेबल, सिलाई मशीन, स्मार्टफोन, आयरन, पंखा, बक्सा, बर्तन सेट सहित कई उपयोगी उपहार दिए जाएंगे।
किला मैदान को दुल्हन की तरह सजाने की तैयारी है। चार टेंट हाउस, आकर्षक लाइटिंग और रंगीन झालरों से पूरा परिसर जगमगाएगा। पूर्वांचल के पांच नामी बावर्चियों की टीम 20 हजार लोगों के लिए 56 प्रकार के व्यंजन तैयार करेगी, जिसमें पूड़ी, कचौड़ी, पुलाव, रसगुल्ला सहित कई लजीज पकवान शामिल होंगे। 25 मई से 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन भी आयोजित किया जाएगा। चार बैंड पार्टियां और भोजपुरी जगत के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगाएंगे। आयोजकों का दावा है कि यह आयोजन बक्सर के इतिहास में सामाजिक एकता और भाईचारे की नई मिसाल कायम करेगा।































































































