मझरिया में पांच परिवारों को कंबल व आर्थिक सहायता प्रदान, आगे भी सहयोग का भरोसा बक्सर खबर। सदर प्रखंड के मझरिया गांव में हुए भीषण अग्निकांड से प्रभावित पांच परिवारों की मदद के लिए रोटरी क्लब एवं मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन आगे आया। आग से हुए भारी जान-माल के नुकसान के बाद पीड़ित परिवारों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से संस्था के सदस्यों ने रविवार को मौके पर पहुंचकर सहायता सामग्री वितरित की। रोटरी क्लब के अध्यक्ष एवं मानव अधिकार एवं सामाजिक न्याय, बिहार के सचिव डॉ. दिलशाद आलम ने पीड़ित परिवारों को कंबल एवं आर्थिक सहयोग स्वरूप चेक प्रदान किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि अग्निकांड जैसी घटनाएं परिवारों को आर्थिक और मानसिक रूप से झकझोर देती हैं। ऐसे समय में समाज के सक्षम लोगों और संगठनों का दायित्व है कि वे आगे बढ़कर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह सहायता भले ही छोटी हो, लेकिन संकट की घड़ी में यही छोटी मदद पीड़ितों के लिए संबल बनती है। डॉ. दिलशाद ने भरोसा दिलाया कि संस्था आगे भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए तत्पर रहेगी। क्लब के सचिव एसएम साहिल तथा रोट्रैक्ट सदस्य राहुल, मनीष कुमार सहित अन्य साथियों ने भी परिवारों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
































































































