पार्टी विरोधी गतिविधियों और गुटबाजी के आरोप में जिलाध्यक्ष ने की घोषणा बक्सर खबर। बहुजन समाज पार्टी ने संगठन में अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाया है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार बसपा के जिलाध्यक्ष महावीर यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर तीन नेताओं को पार्टी से निष्कासित करने की घोषणा की है। निष्कासित किए गए नेताओं में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बक्सर विधानसभा सीट से बसपा के उम्मीदवार रहे अभिमन्यु सिंह कुशवाहा के अलावा जिले के वरिष्ठ कार्यकर्ता जेपी यादव और रमेश राजभर शामिल हैं। जिलाध्यक्ष द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि
इन नेताओं पर पार्टी के अंदर अनुशासनहीनता अपनाने, गुटबाजी को बढ़ावा देने और अन्य राजनीतिक दलों से साठगांठ कर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के गंभीर आरोप पाए गए हैं। बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद उनके आचरण में सुधार नहीं हुआ, जिसके चलते पार्टी हित में यह कठोर निर्णय लेना पड़ा। महावीर यादव ने स्पष्ट किया कि बहुजन समाज पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है और पार्टी विरोधी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन को मजबूत करने में जुटें और पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों के अनुसार कार्य करें।































































































