रिश्तों पर भारी पड़ा नल का जल, आरोपी फरार, महिला रेफर बक्सर खबर। जिले के कोरान सराय थाना क्षेत्र के निरंजनपुर गांव में आपसी विवाद ने खतरनाक रूप ले लिया। नल-जल योजना के तहत घर के आंगन में लगे नल से पानी लेने को लेकर हुए झगड़े में एक महिला को गोली मार दी गई। घटना में सुनील पासवान की पत्नी आशा देवी (करीब 30 वर्ष) गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम नव वर्ष के पहले दिन जैसे ही नल से पानी की सप्लाई शुरू हुई, आशा देवी कपड़ा धोने के लिए नल के पास बैठ गईं। इसी दौरान उनके भसुर अरुण पासवान से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि विवाद मारपीट से आगे निकल गया।
घटना के समय सुनील पासवान घर में ही थे। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी चिल्लाते हुए बोलीं भैया बंदूक तान रहे हैं, जल्दी आइए। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक भसुर ने कट्टा से फायर कर दिया। गोली आशा देवी के बाएं हाथ में जा लगी और वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ीं। आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों ने घायल महिला को सदर अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि अब पानी जैसे मामूली विवाद में भी रिश्ते भूलकर गोलियां चलने लगी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है और आरोपित की तलाश की जा रही है।




























































































