अटल स्मृति दिवस पर एनडीए का कार्यकर्ता सम्मान समारोह, अटल जी के सपनों को आगे बढ़ाने का संकल्प

0
136

भाजपा कार्यालय में हुआ आयोजन, विधायकों ने कार्यकर्ताओं को बताया संगठन की रीढ़                                           बक्सर खबर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को अहिरौली स्थित भाजपा जिला कार्यालय में अटल स्मृति दिवस मनाया गया। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने की, जबकि मंच संचालन का दायित्व महामंत्री विनोद राय ने निभाया। कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। समारोह में सदर विधायक आनंद मिश्र, राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला, डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह तथा ब्रह्मपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी हुलास पांडेय प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। स्वागत भाषण में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विचार और आदर्शों पर चलकर ही भाजपा ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि जिले की चार में से तीन विधानसभा सीटों पर एनडीए को जीत मिली। कार्यकर्ताओं का हृदय से अभिनंदन करते हुए उन्हें संगठन की असली ताकत बताया।

सदर विधायक आनंद मिश्र ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे भले ही विधायक हों, लेकिन असल विधायक पार्टी के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि वे हर कार्यकर्ता के लिए 24 घंटे उपलब्ध हैं और आने वाले समय में हर कार्यकर्ता विधायक की तरह जनता की सेवा करेगा। डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह ने अटल जी के राष्ट्र के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्शों को आत्मसात कर ही सच्ची राजनीति और सेवा संभव है। वहीं राजपुर विधायक संतोष कुमार निराला और हुलास पांडेय ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान करने से संगठन और मजबूत होता है। कार्यक्रम में जदयू जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, लोजपा के अखिलेश सिंह, हम पार्टी के बलिराम कुशवाहा, रालोमो के विंध्याचल कुशवाहा सहित एनडीए के सभी घटक दलों के नेता, भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here