-दोपहर बारह बजे तक आने लगेंगे रुझान, छह बजे पहुंचेंगे अभिकर्ता
बक्सर खबर। 14 नवंबर की सुबह आठ बजे से विधानसभा चुनाव की मतगणना प्रारंभ हो जाएगी। इसके लिए सभी उम्मीदवारों और उनके अभिकर्ता को प्रात: छह बजे बाजार समिति परिसर बुलाया गया है। समय से पहुंचने वाले लोगों के समक्ष की वज्र गृह खोला जाएगा। जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग मतगणना कक्ष बनाए गए हैं। सभी में 14-14 टेबल लगाए गए हैं। अर्थात एक बार में कुल 14 ईवीएम की गिनती होगी। अमूमन 30-30 राउंड की गिनती सभी विधानसभा में होगी।
अगर परिणाम के ठोस नतीजे से पहले निर्णायक बढ़त की बात करें तो वह 28 वें राउंड तक स्पष्ट होगा। अगर आप यह जानने चाहते हों कि किस विधानसभा में कितने राउंड की गिनती होगी। तो इसके लिए आपको बूथ संख्या में 14 से भाग देना होगा। जैसे ब्रह्मपुर में 418 बूथ हैं। तो यहां की परिणाम तीस राउंड में स्पष्ट होगा। बक्सर में 346 बूथ हैं। यहां की गिनती का कार्य 25 राउंड में समाप्त हो जाएगा। डुमरांव में 382 बूथ हैं। इसकी गिनती 27 राउंड में पूरी होगी। इसी तरह राजपुर में 421 बूथ हैं। यहां पूरे तीस चरण में परिणाम स्पष्ट होंगे।

विभागीय जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुर की गिनती केशवपुर से बक्सर की चरित्रवन से, डुमरांव की चिलहरी से तो राजपुर की गिनती भी ग्रामीण क्षेत्र से प्रारम्भ की जाएगी। प्रशासन ने विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए बाजार समिति परिसर के सामने से सामान्य जन के आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। मतगणना प्रारंभ होने के उपरांत वाहन इस रोड से होकर नहीं गुजरेंगे। साथ ही किसी भी मतगणना अभिकर्ता को फोन लेकर अंदर जाने की अनुमति नहीं है।
































































































