115 पवित्र द्रव्यों से हुआ दिव्य अभिषेक, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने लिया पुण्य लाभ बक्सर खबर। रविवार को रवि पुष्य योग के पावन अवसर पर रामरेखा घाट स्थित श्री रामेश्वर नाथ भगवान का भव्य महाभिषेक पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस दिव्य आयोजन का नेतृत्व सर्व जन कल्याण सेवा समिति, सिद्धाश्रम धाम द्वारा किया गया।
भगवान श्री राम द्वारा स्थापित इस पवित्र शिवलिंग पर 115 प्रकार के पवित्र व औषधीय द्रव्यों से महाभिषेक किया गया, जिसमें गंगाजल, समुद्रजल, पंचरत्नोदक, गोरोचन रस, आम्रस, तुलसी रस, पारिजात जल, सोमलता जल, ब्रह्मकंजोदक, अष्टगंधोदक सहित अनेक तीर्थों का जल और फलों के रस सम्मिलित थे।महाभिषेक कार्यक्रम आचार्य श्री कृष्णानन्द शास्त्री पौराणिक जी महाराज के सान्निध्य में वेद मंत्रों की गूंज के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदीप दुबे, जितेंद्र पांडे, अशोक मिश्रा, लक्ष्मण ओझा, विनोद चौबे, मृत्युंजय दुबे, कपिल मुनि सहित समिति के सभी पदाधिकारी, सदस्य व सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।