राखी बनाओ प्रतियोगिता का हेरिटेज स्कूल में हुआ आयोजन

0
210

-कला में निखार, संस्कृति से रूबरू हुए छात्र-छात्राएं
बक्सर खबर। बक्सर के अर्जुनपुर स्थित हेरिटेज स्कूल टेन प्लस टू में शनिवार को राखी बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपने नन्हें हाथों से स्वयं ही सुंदर-सुंदर राखियां बनाई। विद्यालय के डायरेक्टर और शिक्षाविद डॉ. प्रदीप पाठक ने राखी का महत्व बताते हुए कहा कि आज के दौर में रिश्ते कमजोर होते जा रहे हैं। ऐसे में रक्षाबंधन का त्योहार भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को प्रेमपूर्ण मजबूती का आधार देता है। रक्षाबंधन पर्व का ऐतिहासिक, सामाजिक, धार्मिक और राष्ट्रीय महत्व है।

इसे श्रावण पूर्णिमा के दिन उत्साह पूर्वक मनाया जाता है। यह भाई एवं बहन के भावनात्मक संबंधों का प्रतीक पर्व है। इस दिन बहन भाई की कलाई पर रेशम का धागा बांधती है तथा उसके दीर्घायु एवं सुरक्षा की कामना करती है। बहन के इस स्नेह बंधन से बंधकर भाई उसकी रक्षा के लिए कृतसंकल्पित होता है। राखी बांधना सिर्फ भाई-बहन के बीच का सिर्फ रस्म-अदायगी भर नहीं है, अब राखी देश की रक्षा, पर्यावरण की रक्षा, धर्म की रक्षा एवं हितों की रक्षा आदि के लिए भी बांधी जाने लगी है।

राखी से जुड़ी अपनी पेटिंग दिखाते नन्हें छात्र

उन्होंने बताया कि विश्व कवि रवीन्द्रनाथ ने इस पर्व पर बंग भंग के विरोध में जनजागरण किया था और इस पर्व को एकता और भाईचारे का प्रतीक बताया था। प्रकृति की रक्षा के लिए वृक्षों को राखी बांधने की परंपरा भी शुरू हो चुकी है। हालांकि रक्षा सूत्र सम्मान और आस्था प्रकट करने के लिए भी बांधा जाता है। प्रतियोगिता में सभी छात्राओं ने साथ ही कुछ छात्रों ने भी एक से बढ़कर एक राखियां बनाई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here