रामरेखा घाट पर लगेगी प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा : मुख्यमंत्री

0
255

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वामनेश्वर नाथ और रामेश्वर नाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना
बक्सर खबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बक्सर दौरे के दौरान रामरेखा घाट पर प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बक्सर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और भव्य बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले केंद्रीय कारा परिसर स्थित प्राचीन वामनेश्वर नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों ने वामनेश्वर धाम के प्रस्तावित ले-आउट प्लान की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कारा की निर्माणशाला में बंदियों द्वारा तैयार हस्तशिल्प और अन्य सामग्रियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर परिसर में पौधारोपण भी किया। जिलाधिकारी साहिला ने मुख्यमंत्री को चरखा और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री रामरेखा घाट स्थित बाबा रामेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। यहां पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने घाट पर कराए गए विकास कार्यों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने प्रस्तावित श्रीराम प्रतिमा, कंट्रोल रूम, पेयजल, पाथ-वे, चेंजिंग रूम और गंगा आरती व्यवस्था की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से बने लाइट एंड साउंड कॉम्प्लेक्स के जीर्णोद्धार कार्य और महर्षि विश्वामित्र मंडपम का उद्घाटन किया।

लाइट एंड साउंड शो का शुभारंभ करते मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व पूर्व केन्द्रीय मंत्री अश्विनी चौबे

यहां लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से बक्सर की ऐतिहासिक, पौराणिक और सांस्कृतिक विरासत की प्रस्तुति दी गई। कॉम्प्लेक्स में 5डी थिएटर, टिकट काउंटर, इंडोर-आउटडोर रेस्टोरेंट और ड्राई डेक फाउंटेन जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से महाराज स्वर्गीय कमल बहादुर सिंह की प्रतिमा का भी अनावरण किया। कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी कुमार चौबे, विधायक आनंद मिश्र, विधायक राहुल कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here