तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार में मातम बक्सर खबर। धनसोई थाना क्षेत्र के गोसैसीडेरा टोला में शुक्रवार की शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पहचान भरत चौधरी (25 वर्ष) पिता बीरेंद्र चौधरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार की दोपहर किसी बात को लेकर उसकी पत्नी पूजा देवी से कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह काफी तनाव में रहने लगा था। परिजनों ने बताया कि शाम में भरत अपने कमरे में चला गया।
काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिवार वालों को संदेह हुआ। दरवाजा खोलने पर उसका शव पंखे से साड़ी के फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर पहुंची धनसोई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के परिवार में दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। घटना के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
































































































