केंद्रीय कारा में कंप्यूटर और महिला मंडल कारा में सॉफ्ट टॉयज प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनेंगे बंदी 

0
47

केंद्रीय कारा अधीक्षक बोलीं- दंड नहीं, आत्मसुधार और पुनर्निर्माण का केंद्र है कारागार                                  बक्सर खबर। केंद्रीय कारा और महिला मंडल कारा में गुरुवार को जन शिक्षण संस्थान की ओर से व्यवसायिक प्रशिक्षण केंद्रों की शुरुआत की गई। केंद्रीय कारा में कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र तथा महिला मंडल कारा में सॉफ्ट टॉयज प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन संस्थान के फाउंडर चेयरमैन निर्मल कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम केंद्रीय कारा की अधीक्षक ज्ञानिता गौरव और महिला मंडल कारा की अधीक्षक बबीता कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। इस मौके पर केंद्रीय कारा अधीक्षक ज्ञानिता गौरव ने कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि आत्मसुधार और पुनर्निर्माण का केंद्र भी है। कंप्यूटर प्रशिक्षण बंदियों को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने में मदद करेगा।

निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि जन शिक्षण संस्थान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शिक्षा, कौशल और अवसर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल के माध्यम से जीवन को नई दिशा दी जा सकती है। हर व्यक्ति को दूसरा अवसर मिलना चाहिए। शिक्षा और प्रशिक्षण जीवन बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने कारा प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल सुधारात्मक न्याय व्यवस्था को अधिक मानवीय और प्रभावी बनाएगी। साथ ही भविष्य में भी कारागारों में रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण केंद्र चलाने की बात कही। महिला मंडल कारा अधीक्षक बबीता कुमारी ने कहा कि सॉफ्ट टॉयज प्रशिक्षण महिलाओं के आत्मसम्मान और आर्थिक स्वावलंबन को मजबूत करेगा। यह प्रशिक्षण उन्हें नई पहचान दिलाने में सहायक बनेगा।

कार्यक्रम में उपाधीक्षक राघवेंद्र सिंह, सहायक अधीक्षक रिंकी कुमारी, प्रधान लिपिक मास्टर कुणाल, कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सिंह, कुमार अविनाश, सहायक कार्यक्रम अधिकारी सुमन कुमारी, अजित कुमार, अनुदेशिका बिंदु कुमारी और श्रुति श्रीवास्तव मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here