उत्तर प्रदेश से मुजफ्फरपुर जा रही थी कार, चालक हिरासत में बक्सर खबर। एनएच-922 पर सोमवार को कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के ठाकुर दयाल सिंह के टोला गांव के समीप एक तेज रफ्तार कार ने टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 14 वर्षीय किशोरी सजना कुमारी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि टोटो में सवार अन्य यात्री बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार टोटो सामान्य रफ्तार से अपनी दिशा में आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने नियंत्रण खो दिया और टोटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में डुमरांव निवासी संजय साह की पुत्री सजना कुमारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तत्काल सहायता के लिए दौड़ पड़े। टोटो में सवार अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं, हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जाता है कि कार सवार उत्तर प्रदेश के उन्नाव से अपने परिवार के साथ मुजफ्फरपुर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। चालक की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जो केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात बताया जा रहा है।































































































