– पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया केस, जांच शुरू
बक्सर खबर। केसठ बाजार में शुक्रवार को गोली लगने से घायल युवक को होश आ गया है। उसका ऑपरेशन सफल रहा है। आज शनिवार को उसने अपने पिता और नावानगर थाना की पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। जिसमें दो हमलावरों का जिक्र किया गया है। उसने कहा मैं किसी को पहचानता नहीं। जैसे ही गोली लगी मैं अपनी जान बचाकर वहां से भागा। यह बयान है घायल प्रिंस उर्फ सुमन सौरभ (23) द्विवेदी के। उसके पिता भृगुनाथ द्विवेदी जो बासुदेवा थाना के दशियांव गांव के निवासी हैं। वे भी बयान के वक्त आरा के निजी अस्पताल में मौजूद थे। जहां घायल का उपचार चल रहा है। गोली उसके बाएं तरफ छाती के पास लगी थी।
इन सभी बातों का उल्लेख बयान में दर्ज है। सूचना के अनुसार शुक्रवार को अपराह्न 4:40 बजे वह अपनी बहन के साथ केसठ बाजार गया था। सब्जी खरीदने के बाद बहन घर लौट गई। प्रिंस वहीं ठहर गया। लौटते समय जैसे ही मस्जिद के पास गया। वहां दो लोग खड़े थे। उनमें से एक ने गोली चला दी। घायल प्रिंस वहां से भागा और पुराना डाक खाना के समीप एक डॉक्टर के यहां गया। वहां से परिवार वालों को सूचना दी। वे आए तो तत्काल परिजन उन्हें लेकर आरा के एक निजी अस्पताल चले गए। जहां फिलहाल उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने उसके बयान को आधार मान जांच शुरू कर दी है।


























































































