बक्सर खबर। ब्रह्मपुर विधानसभा के बूथ संख्या 133 एवं 134 पर भारी बवाल की खबर है। सूचना के अनुसार कन्या मध्य विद्यालय ढ़काइच में दो बूथ हैं। यहां दो वर्ग के लोग आपस में भीड़ गए। घटना अपराह्न चार बजे के लगभग की है। स्थिति इतनी विस्फोटक हो गई की कुछ लोग पथराव करने लगे। पुलिस कर्मियों समेत कई लोगों को चोट लगी। गुस्साए पुलिस के जवानों ने आक्रोशित लोगों को गांव की गलियों में दूर तक खदेड़ा। इस दौरान चार-पांच चक्र गोली चलने की सूचना भी मिल रही है। वजह से कुछ देर तक मतदान भी बाधित हुआ। 
सूचना मिलते ही डुमरांव एसडीओ हरेन्द्र राम, डीएसपी केके सिंह, मुख्यालय डीएसपी अरुण कुमार गुप्ता, डीसीएलआर देवेन्द्र प्रताप साही आदि तुरंत मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने माहौल शांत कराने के लिए गांव में भी फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उपद्रव फैलाने वाले छह लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। पूछने पर डुमरांव एसडीओ हरेन्द्र राम ने कहा कि मौके पर फिलहाल शांति है। मतदान की प्रकिया शुरू हो गयी है। सबकुछ नियंत्रण में है। कोई अप्रिय वारदात न हो। इसके लिए वरीय पदाधिकारी वहां कैंप कर रहे हैं। वहीं ग्रामीणों की मानें तो पुलिस ने दरवाजे पर बैठकर टीवी देख रहे कुछ लोगों को नाहक हिरासत में ले लिया।



































































































