बक्सर खबर। शादी के 10 दिन बाद ही पत्नी का गला काटकर मार देने वाले पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार की रात सुनील कुमार यादव को नवानगर पुलिस ने भटौली शिव मंदिर से गिरफ्तार किया। शनिवार की सुबह इसे मीडिया के सामने ले आया गया। थाना प्रभारी जुनैद आलम ने बताया यह युवक सासाराम जिले के मुफस्सिल थाना अंतर्गत वेदा मोड का निवासी है। 5 जुलाई को इसने अपनी पत्नी पूजा की गला काटकर हत्या कर दी थी। उसी दिन से यह फरार था।
सासाराम जिले के मुफस्सिल थाना की पुलिस इसे तलाश कर रही थी। वहां की पुलिस को यह सूचना दे दी गई है। थाना प्रभारी के अनुसार सुनील यादव पुत्र लल्लन यादव की शादी 25 जून को ग्राम धनकडा जिला सासाराम के निवासी मनोज यादव की पुत्री पूजा के साथ हुई थी। 29 जून को लड़की अपने पति के साथ सासाराम शहर के वेदा मोड पहुंची। यह घर महिला बैरक के ठीक सामने स्थित है। 5 जुलाई की रात सुनील ने पहले पत्नी का गला घोटा फिर तेज धार वाले हथियार से गर्दन काट दी।