‌‌‌ बड़का राजपुर की नई बस्ती में आग ने मचाई तबाही, दर्जनों पशुओं की मौत

0
576

-छह से अधिक परिवारों का जल गया सारा सामान, लाखों का नुकसान
बक्सर खबर। तिलकराय हाता ओपी के बड़का राजपुर नई बस्ती में शुक्रवार की दोपहर आग लग गई। देखते ही देखते छह से अधिक झोपड़ी नुमा घरों को उसने खाक में तब्दील कर दिया। इन घरों में बंधे एक दर्जन से अधिक पशु जिनमें अधिकांश बकरियां थीं। उनकी जलने से मौत हो गई। घटना के वक्त परिजन पास के ही गंगा घाट पर मुंडन संस्कार में शामिल होने गए थे। जिसके कारण घरों के अंदर मौजूद सामान भी बचाया नहीं जा सका।

स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तिलक राय हाता ओपी और सिमरी थाने को दी। पहले दमकल विभाग की एक गाड़ी आई। लेकिन, मौके की भयावह स्थिति को देखते हुए तीन गाड़ियां जुटी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। लेकिन, तब तक अनहोनी हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बताया पहले धुआं रामचीज राम के घर से उठता दिखा। आस-पास कुछ पुरुष सदस्य मौजूद थे। वे आगे बुझाने के लिए दौड़े लेकिन, तपती दोपहरी में लपटों ने तुरंत ही विकराल रूप अख्तियार कर लिया।

आग बुझाते फायर ब्रिगेड के कर्मी

देखते ही देखते रामबली राम, वीर बहादुर राम, विकास राम, ललन राम, दशरथ राम, धनजी राम आदि कुछ और लोगों के घर राख में तब्दील हो गए। सूचना मिलने पर सिमरी के अंचल अधिकारी भगवान शंकर पांडेय व सिमरी थानाध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता भी वहां आए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को आश्वासन दिया कि यथाशीघ्र नुकसान का आंकलन कर पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल उनके लिए तिरपाल आदि का इंतजाम किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here