पीएनबी से पैसे निकालकर गांव लौट रहे थे व्यवसायी, पुलिस जांच में जुटी बक्सर खबर। जिले के डुमरांव में उचक्कों ने दिनदहाड़े एक किराना व्यवसायी को निशाना बनाते हुए चलती ऑटो में 47 हजार रुपये उड़ा लिए। घटना को इतनी सफाई से अंजाम दिया गया कि पीड़ित को इसकी भनक तक नहीं लगी। बाद में पैसे गायब होने का एहसास होते ही वह सीधे थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। मिली जानकारी के अनुसार कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के अरियांव गांव निवासी किराना व्यवसायी शिव कुमार सोमवार की सुबह डुमरांव राजगढ़ स्थित पीएनबी बैंक से 48 हजार रुपये की निकासी किए थे। इसके बाद उन्होंने बाजार में कुछ जरूरी सामानों की खरीदारी की, जिसमें करीब एक हजार रुपये खर्च हो गए। शेष 47 हजार रुपये उन्होंने अपने शर्ट के पैकेट में रख लिए।
दोपहर करीब एक बजे वह छठिया पोखरा के समीप टेम्पो स्टैंड पहुंचे और गांव जाने के लिए एक ऑटो में सवार हो गए। पीड़ित के अनुसार, ऑटो में उनके साथ दो युवक भी बैठे थे, जो डीएवी स्कूल के पास उतर गए। कुछ देर बाद ही उन्हें अपने पैसे गायब होने का एहसास हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही व्यवसायी तुरंत डुमरांव थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। इधर सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा स्वयं मामले की जांच में जुट गए हैं। पुलिस पीड़ित के साथ घटनास्थल और बैंक पहुंचकर संदिग्धों की पहचान तथा गिरफ्तारी के प्रयास में लगी है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।































































































