पैनल अधिवक्ताओं ने चौसा में चलाया जन-संपर्क अभियान बक्सर खबर। व्यवहार न्यायालय में इस वर्ष की द्वितीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन आगामी 9 मई को होना है। इसकी सफलता को लेकर जिले में न्यायिक पदाधिकारियों द्वारा लगातार बैठकें की जा रही हैं और विभिन्न माध्यमों से जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को चौसा में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी गई। कलाकारों ने सरल और प्रभावी प्रस्तुति के जरिए बताया कि लोक अदालत में दीवानी एवं फौजदारी मामलों का निपटारा आपसी सहमति से शीघ्र और नि:शुल्क किया जाता है। साथ ही, यहां मुफ्त कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जाती है।
जागरूकता अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम को सराहा। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से पैनल अधिवक्ता राजेश कुमार, शत्रुधन सिन्हा, ब्रजेश कुमार, मनन सिंह, अजिता कुमारी, शालिनी कुमारी, रामजी यादव एवं अंजू राउत उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिवक्ताओं ने आमजन से अपील की कि वे 9 मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपने मामलों का त्वरित और सुलभ समाधान प्राप्त करें।
































































































