मंदिरों में पूजा-अर्चना कर लिया आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं को दिया विकास का संदेश बक्सर खबर। जनता दल यूनाइटेड के नवमनोनीत जिलाध्यक्ष राजकुमार शर्मा के मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। उनके साथ डुमरांव विधायक राहुल कुमार सिंह भी मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार बक्सर आगमन पर कार्यकर्ताओं ने शहर के गोलंबर से लेकर रामरेखा घाट तक जगह-जगह उनका जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान राजकुमार शर्मा ने स्टेशन रोड स्थित बाबा साहब भीमराव अंबेडकर, कामरेड ज्योति प्रकाश एवं बाबू वीर कुंवर सिंह की आदमकद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वे रामरेखा घाट स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर पहुंचे, जहां पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में लोहार कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष सतेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने उनका नागरिक अभिनंदन किया। साथ ही उन्होंने रामेश्वर नाथ मंदिर में भी पूजा कर आशीर्वाद लिया।
स्वागत कार्यक्रम में सुदर्शन शर्मा, अशोक शर्मा, रामदेव शर्मा, विनोद शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान जदयू प्रदेश सलाहकार समिति सदस्य रविराज एवं युवा जदयू के रविकांत कुशवाहा भी मुख्य रूप से शामिल रहे। इसके बाद जिलाध्यक्ष का काफिला बाईपास रोड स्थित शिव प्रभा मैरिज हॉल पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में उन्होंने हिस्सा लिया। इससे पहले वे ब्रह्मपुर जाकर बाबा ब्रह्मेश्वर नाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किए। शिव प्रभा मैरिज हॉल में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए राजकुमार शर्मा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता दल यूनाइटेड बिहार की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जिसका उद्देश्य केवल विकास है। संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के उपरांत वे डुमरांव के लिए रवाना हुए, जहां जदयू कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

































































































