डॉ. दिलशाद आलम के नेतृत्व में लगा हेल्थ कैंप, छात्रों को मिली सीपीआर की विशेष ट्रेनिंग बक्सर खबर। जिला स्थापना दिवस के अवसर पर मंगलवार को रोटरी क्लब की जिला इकाई द्वारा कलेक्ट्रेट रोड स्थित आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय में पब्लिक हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान स्कूल के लगभग 300 छात्र-छात्राओं को सीपीआर की महत्वपूर्ण ट्रेनिंग दी गई। साथ ही केक काटकर जिले का 36वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के अध्यक्ष एवं जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि सीपीआर एक जीवनरक्षक तकनीक है, जो आपात स्थिति में किसी की जान बचाने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि यदि आम लोग, खासकर छात्र-छात्राएं, सीपीआर की सही जानकारी रखें तो कई अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सकता है। रोटरी क्लब का उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और हर व्यक्ति को इस तरह की जरूरी जानकारी से सशक्त बनाना है।
उन्होंने आगे कहा कि जिला स्थापना दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और जनहित में कार्य करने का भी दिन है। इसी सोच के तहत इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मौके पर रोट्रैक्ट क्लब से राहुल कुमार, मनीष कुमार तथा साबित खिदमत अस्पताल से ट्रेनी प्रमोद कुमार भी उपस्थित रहे। जानकारी दी गई कि रोटरी क्लब बक्सर एवं साबित खिदमत अस्पताल के सहयोग से जिले के विभिन्न स्कूलों में लगातार सीपीआर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे बच्चों और युवाओं में आपातकालीन स्थिति से निपटने की क्षमता विकसित हो सके। कार्यक्रम में सचिव एसएम साहिल, शिक्षक रंजीत कुमार, उमेश प्रसाद ठाकुर, अमित यादव, रानी देवी सहित विद्यालय की प्राचार्य अंजू देवी भी मौजूद रहीं।
































































































