महिलाओं के लिए पिंक शौचालय, सीसीटीवी निगरानी, मरीन ड्राइव, जल परिवहन और मल्टी स्टोरेज पार्किंग जैसी योजनाएं शामिल बक्सर खबर। नगर परिषद कार्यालय के सभागार में सोमवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। बहस के बाद नगर परिषद की सभापति कमरून निशा के नेतृत्व में करीब 295 करोड़ रुपये का अनुमानित बजट पेश किया गया। नगर परिषद के ईओ कुमार ऋत्विक ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 तथा 2025-26 के दिसंबर माह तक के वास्तविक आय-व्यय के आंकड़ों के आधार पर आगामी वर्ष 2026-27 के लिए आय-व्यय का आकलन कर संभावित बजट तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि आंतरिक राजस्व, केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार से प्राप्त अनुदान को मिलाकर कुल प्राप्ति करीब 2 अरब 95 करोड़ 2 लाख 56 हजार 591 रुपये अनुमानित है। वहीं कुल आय 369.93 करोड़ रुपये का आकलन किया गया है। इस प्रकार यह बजट 74.93 करोड़ रुपये का लाभकारी बजट होगा। सभापति कमरून निशा ने कहा कि इस बजट को प्रस्तुत करते हुए उन्हें प्रसन्नता हो रही है। बजट में शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई नई योजनाओं का प्रावधान किया गया है। नगर परिषद क्षेत्र को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए विभिन्न विकासात्मक योजनाओं को इसमें शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि बजट में महिलाओं के लिए सुरक्षित पिंक शौचालय की व्यवस्था की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के लिए अलग और सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही महिलाओं और लड़कियों के लिए सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन की व्यवस्था भी की जाएगी। शहर के सभी वार्डों तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी आधारित निगरानी व्यवस्था के लिए भी बजट में राशि का प्रावधान किया गया है।
नगर पालिका अधिनियम 2007 के तहत नगर निकाय के बजट और योजनाओं में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी कई प्रावधान किए गए हैं। इसके अंतर्गत खेल परिसर और स्टेडियम का निर्माण तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी राशि निर्धारित की गई है। बजट में नाली-गली निर्माण, नल-जल व्यवस्था, इंटीग्रेटेड डिजिटल ट्रैफिक सिस्टम, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई के लिए आधुनिक उपकरण, मशीनें और वाहनों की खरीद पर खर्च का प्रावधान किया गया है। नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए करीब 2.15 अरब रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है। साथ ही नगर प्रशासन को सरल और नागरिकों के अनुकूल बनाने पर भी जोर दिया गया है। चेयरमैन कमरुन निशा ने बताया कि इस बार के बजट में अहिरौली घाट से सिपाही घाट तक जल परिवहन सेवा शुरू करने का भी प्रावधान किया गया है, जिसमें महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था होगी। इसके अलावा सती घाट और गोला घाट के बीच मरीन ड्राइव, फूड कोर्ट और नौकायन की सुविधा विकसित करने की योजना है। शहर के बीचों-बीच मल्टी स्टोरेज पार्किंग बनाने का भी प्रस्ताव बजट में शामिल किया गया है। अंत में उन्होंने ईओ, सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों, सभी पार्षदों, नगर परिषद कर्मियों तथा शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर सशक्त स्थायी समिति के सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, राजू राय, अंजू सिंह, दिलीप कुमार, गुड्डू कुमार, मनोज कुमार, राहुल यादव, जगदीश कुमार, हिटलर कुमार सिंह, ब्रजकिशोर उपाध्याय, संतोष कुमार उपाध्याय समेत अन्य पार्षद मौजूद थे।


































































































