जिला कार्यकारिणी के नए स्वरूप और पंचायत चुनाव की रणनीति पर होगी चर्चा बक्सर खबर। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर रविवार को बिहार नव निर्माण अभियान के तहत जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान वे पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और जन सुराज की जिला इकाई के पुनर्गठन को लेकर कार्यकर्ताओं के विचार जानेंगे। नगर के पांडेय पट्टी रेलवे गुमटी के समीप स्थित आशीर्वाद मैरेज हॉल में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के तहत प्रशांत किशोर सुबह करीब 11 बजे मैरेज हॉल पहुंचेंगे, जहां दोपहर लगभग तीन बजे तक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक और संवाद कार्यक्रम चलेगा। इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जिले में जन सुराज पार्टी की जिला स्तरीय इकाई के पुनर्गठन को लेकर कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श करना है।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में हार के तुरंत बाद जन सुराज ने अपने सभी जिलों की कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया था। इसी कड़ी में अब संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। बताया गया कि प्रशांत किशोर की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद स्थापित करना तथा आगामी पंचायत चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीति पर उनके सुझाव लेना है। कार्यक्रम के बाद शाम चार बजे वे प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद गोलंबर के समीप पार्टी कार्यालय का उद्घाटन भी करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्यालय उद्घाटन के बाद प्रशांत किशोर सहियार के लिए रवाना होंगे, जहां मुखिया प्रतिनिधि रामानुज उपाध्याय के यहां रात्रि भोजन करने के बाद पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।































































































