शादी में धाक जमाने के लिए रखा था कट्टा, राजपुर पुलिस ने दबोचा बक्सर खबर। राजपुर थाना पुलिस ने रोहनीभान गांव के समीप से बाइक सवार दो युवकों को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों को पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय ने पत्रकारों को बताया कि बुधवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध हथियार लेकर किसी वारदात की फिराक में आ रहे हैं। सूचना मिलते ही एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने रोहनीभान गांव के बाहर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए।
पुलिस को देखते ही दोनों बाइक छोड़कर भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने दौड़कर उन्हें पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी कट्टा बरामद किया गया। साथ ही एक बाइक भी जब्त की गई। गिरफ्तार युवकों की पहचान राजपुर थाना क्षेत्र के डिहरी गांव निवासी अनिल राय के पुत्र सत्यम राय और नित्यानंद शर्मा के पुत्र राजाबाबू शर्मा के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि हथियार वे लोगों को डराने-धमकाने और शादी-विवाह जैसे आयोजनों में लहराकर धाक जमाने के उद्देश्य से रखे थे। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया। गिरफ्तारी टीम में राजपुर थानाध्यक्ष निवास कुमार, डीआईयू के चंदन कुमार, सुभाष कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।






























































































