कांग्रेस ने फिर जताया भरोसा, कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर बक्सर खबर। बक्सर सदर विधानसभा सीट पर चल रहा सियासी पेच आखिरकार गुरुवार दोपहर सुलझ गया। कांग्रेस पार्टी ने दो बार के विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी पर फिर से भरोसा जताते हुए उन्हें तीसरी बार प्रत्याशी घोषित कर दिया। पार्टी की ओर से सिंबल मिलने के साथ ही कई दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया। घोषणा के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और महागठबंधन के सभी घटक दलों के नेताओं में जबरदस्त खुशी की लहर दौड़ गई। जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक बधाइयों का दौर शुरू हो गया। सोशल मीडिया पर “मुन्ना तिवारी हैट्रिक” ट्रेंड करने लगा।
बिहार प्रदेश कांग्रेस के वरीय नेता टीएन चौबे ने मुन्ना तिवारी को टिकट मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि यह जनता की जीत होगी, हमें अब कोई रोक नहीं सकता। बक्सर सदर से कांग्रेस की लगातार तीसरी जीत तय है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, प्रभारी कृष्णा अल्लावरू समेत प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बक्सर की जनता कांग्रेस के साथ है, भाजपा को यहां से साफ होना तय है। वहीं, राकेश तिवारी, राहुल चौबे, स्नेह आशीष वर्धन समेत कई स्थानीय नेताओं ने भी शीर्ष नेतृत्व को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुन्ना तिवारी फिर विधानसभा पहुंचने जा रहे हैं अब यह सिर्फ औपचारिकता भर बाकी है।































































































