प्रभु श्रीराम के राजतिलक के साथ सम्पन्न हुआ विजयादशमी महोत्सव

0
47

——— बेहतरीन झांकियों व सहयोगियों को मिला सम्मान                                                                   बक्सर खबर। रामलीला समिति के तत्वावधान में किला मैदान में चल रहे 22 दिवसीय विजयादशमी महोत्सव का समापन रविवार की रात प्रभु श्रीराम के राजतिलक और फूलों की होली के रंगीन मंचन के साथ हुआ। वृंदावन से पधारे राधा माधव रासलीला एवं रामलीला संस्थान के स्वामी सुरेश चंद्र उपाध्याय ‘व्यास जी’ के निर्देशन में इस भावनात्मक प्रसंग का मंचन शहर के श्रीचन्द्र मंदिर परिसर में हुआ, जिसे देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालु मौजूद रहे। मंचन में दिखाया गया कि भरत मिलाप के बाद प्रभु श्रीराम कैकेई के महल में पहुंचते हैं और माताओं सहित पूरे राजपरिवार से मिलते हैं। इसके बाद गुरु वशिष्ठ द्वारा राजतिलक की तैयारी होती है। पूरे अवधपुरी में उत्सव का माहौल छा जाता है—हाथी, घोड़े, ऊंट सजते हैं और फिर गुरु वशिष्ठ सबसे पहले प्रभु श्रीराम को तिलक लगाते हैं। माताएं अपने पुत्र को सिंहासन पर देख बार-बार आरती उतारती हैं।

समापन कार्यक्रम के दौरान भरत मिलाप दिवस पर निकाली गई झांकियों को सम्मानित किया गया। प्रथम पुरस्कार: राम-लक्ष्मण द्वारा ताड़का वध, मल्लाह टोली। द्वितीय पुरस्कार: होलिका दहन, बारी टोला और तृतीय पुरस्कार: शबरी द्वारा बैर खिलाना, तुरहा टोली को दिया गया। सभी पुरस्कार आरके ज्वेलर्स के सौजन्य से शील्ड, मेडल और प्रशस्ति पत्र के रूप में प्रदान किए गए। रामलीला समिति ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले समाजसेवियों, व्यवसायियों और संस्थाओं को अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया। सम्मानित व्यक्तियों में संजय सर्राफ, मनोज कुमार, डॉ. दिलशाद, अनुराग पांडेय, महेश भोतिका , राजकुमार, संजय गुप्ता, विश्वजीत गुप्ता समेत कई गणमान्य शामिल थे। रामलीला के बेस्ट पात्र के रूप में पूरन जी को विशेष सम्मान मिला, वहीं श्री चंद्र मंदिर से जुड़े पुराने परिवारों कृष्णलाल सर्राफ, रामबाबू सर्राफ, विनय केशरी, राजेश केशरी, रतन केजरीवाल, वेदप्रकाश जायसवाल आदि को भी अंगवस्त्र और शील्ड से सम्मानित किया गया।

फोटो – राजगद्दी प्रसंग का मंचन के बाद प्रभु श्रीराम की आरती उतारते श्रद्धालु

कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव बैकुंठ नाथ शर्मा ने की, संचालन कोषाध्यक्ष सुरेश संगम ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन संयुक्त सचिव सह मीडिया प्रभारी हरिशंकर गुप्ता ने किया। इस दौरान सुरेश संगम ने समिति की वर्ष 2025 की आय-व्यय रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले जिला प्रशासन, मीडिया कर्मियों और जनता का आभार व्यक्त किया। मौके पर समिति के कई पदाधिकारी और सदस्य- कृष्ण कुमार वर्मा, कमलेश्वर तिवारी, निर्मल कुमार गुप्ता, उदय सर्राफ जोखन, राजकुमार गुप्ता, शशिकांत चौधरी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here