ट्रक चालकों से घूस वसूलता दारोगा निलंबित

0
2844

वायरल वीडियो ने किया भंडाफोड़, सरेआम वसूलता था तीन हजार                                                            बक्सर खबर। एनएच-922 पर ट्रकों से अवैध वसूली और लेन उल्लंघन की वायरल वीडियो ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित पुलिस पदाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में एक वीडियो आया, जिसमें यह साफ दिख रहा है कि NH-922 पर ट्रकों को निर्धारित लेन छोड़कर छोटी गाड़ियों की लेन से पास करवा कर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके एवज में ट्रक चालकों से खुलेआम दो से तीन हजार रुपए तक वसूले जा रहे हैं।

औद्योगिक थाना प्रभारी संजय कुमार ने स्वीकार किया कि उन्हें कई बार इस तरह की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने स्वयं भी वीडियो रिकॉर्ड कर इस बात की पुष्टि की कि वसूली कर ट्रकों को गलत लेन से पास कराया जाता है। खास तौर पर यह भी बताया गया कि जब भी पु.अ.नि. सुनील कुमार राय ड्यूटी पर होते हैं, उस समय यह गोरखधंधा जोर पकड़ लेता है। उनके साथ गृहरक्षक विजय यादव (141704) भी इस काम में शामिल रहते हैं। 11 जून को एक गीला बालू लदा ट्रक जब गलत लेन से पास होते पकड़ा गया, तो यातायात निरीक्षक रोहित कुमार ने कार्रवाई की। बताया गया कि जब उन्होंने ट्रक छोड़ा नहीं, तो सुनील कुमार राय खुद गोलंबर पहुंच गए और दबाव डालने लगे कि ट्रक को छोड़ दिया जाए। लेकिन रोहित कुमार ने इसकी सूचना खनन विभाग को देकर कार्यवाही को आगे बढ़ाया।

यातायात थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि गोलंबर से टोल प्लाजा तक यातायात व्यवस्था का मौखिक नियंत्रण यातायात पुलिस उपाधीक्षक के जिम्मे है और उन्हीं के कहने पर सुनील कुमार राय व विजय यादव को तैनात किया गया था। लेकिन वीडियो व बयानों से स्पष्ट हो गया कि यह सब एक संगठित तरीके से हो रहा था। पुख्ता साक्ष्य, वीडियो, और विभागीय बयानों के आधार पर एसपी शुभम आर्य ने सुनील कुमार राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही उन्हें पुलिस केंद्र में योगदान करने का आदेश दिया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here