खूनी संघर्ष से कांपा अहियापुर: वर्चस्व की जंग में तीन की मौत, दो घायल

0
6984

शव उठाने से ग्रामीणों का इनकार, पुलिस-प्रशासन पर भारी दबाव                                                            बक्सर खबर। धनसोई – जलहरा मार्ग स्थित अहियापुर गांव शनिवार सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। आपसी वर्चस्व को लेकर दो गुटों में हिंसक भिड़ंत हो गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। मृतकों में विनोद सिंह और वीरेंद्र यादव की मौके पर ही जान चली गई, जबकि तीसरे व्यक्ति रविन्द्र सिंह ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। गुस्साए ग्रामीणों ने साफ कह दिया है कि जब तक कोई बड़ा अधिकारी घटनास्थल पर नहीं पहुंचता, वे शवों को पोस्टमार्टम के लिए नहीं उठाने देंगे। पुलिस मौके पर मौजूद है, लेकिन लोगों में आक्रोश बरकरार है।

इस बड़े विवाद में पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष के पति मनोज यादव का नाम सामने आ रहा है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य खुद घटनास्थल के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं, बक्सर खबर के संवाददाता भी मौके की ओर बढ़ रहे हैं। पुलिस का दावा है कि स्थिति को नियंत्रण में लाया जा रहा है। दो अन्य घायल ग्रामीणों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। थोड़ी देर में और विस्तृत जानकारी के साथ अपडेट किया जाएगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here