सड़क दुर्घटना में तीन की मौत, तीन घायल

0
1143

बक्सर खबर। सड़क दुर्घटना के दौरान शनिवार को तीन लोगों की मौत हो गई। तीनों घटनाएं अलग-अलग जगह हुई। पहली घटना बगेन थाना के रघुनाथपुर-बगेन मार्ग पर दोपहर 12 बजे के लगभग हुई। राजापुर के पास दो बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। मौके पर ही सेवा निवृत होमगार्ड जवान ददन सिंह(62) की मौत हो गई। बाइक पर सवार उनके पुत्र मनोज यादव को भी गंभीर चोट आई। पुलिस के अनुसार मृतक सोनवर्षा ओपी के मणियां गांव के रहने वाले थे। वहीं दूसरी बाइक पर सवार दरोगा प्रसाद व विष्णु कुमार निवासी ग्राम कांट, थाना ब्रह्मपुर घायल हो गए। इन सभी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

दूसरी घटना ब्रह्मपुर बाजार में हुई। नंदी माल के सामने तेज गति से जा रही बाइक ने सड़क पार कर रहे रामेश्वर प्रसाद (70) को टक्कर मार दी। घायल को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन, चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उनके भतीजे गोपाल प्रसाद ने बाइक चालक अमित सिंह यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। यह दुर्घटना दोपहर दो बजे के लगभग हुई। रामेश्वर ब्रह्मपुर के रहने वाले थे। तीसरी दुर्घटना डुमरांव थाना के अरियांव मोड़ के पास अपराह्न चार बजे के लगभग हुई। डुमरांव की तरफ बाइक से आ रहे सुधन साह (60) को लीजेंड स्कूल की बस ने टक्कर मार दी। बस चालक गाड़ी छोड़ भाग गया। स्थानीय लोगों ने दूसरे चालक की मदद से उसी बस से घायल को डुमरांव अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूत्रों के अनुसार सुधन साह कृष्णाब्रह्म थाना के अरियांव गांव के रहने वाले थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here