‌‌‌शिक्षक नेताओं ने किया पदाधिकारी पर हमला, पांच के खिलाफ प्राथमिकी

0
2058

-दलित शिक्षक ने भी पुलिस को सौंपी लिखित शिकायत
बक्सर खबर। पांच शिक्षकों ने मिलकर जिला शिक्षा पदाधिकारी को उनके कार्यालय में ही पीट दिया। वहां मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया। अन्यथा वे गला दबाकर उनकी जान भी लेना चाहते थे। यह आरोप शिक्षा पदाधिकारी विजय कुमार झा ने लगाया है। उन्होंने नगर थाने में आज रविवार को शिकायत दर्ज करायी। उनके अनुसार घटना शनिवार दोपहर की है।

कार्यालय में अचानक गोप गुट के अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार सिंह सहायक शिक्षक मिल्की चौसा, नागेन्द्र राम विद्यालय कथकौली, प्रमोद कुमार कुल्हरियां, सुमेश्वर प्रसाद भटवलिया एवं चन्द्रशेखर कुमार सिंह भादा, ब्रह्मपुर पहुंचे। वे लोग शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति को रद्द किए जाने से खफा थे। जानलेवा हमला करने वालों ने कार्यालय में मौजूद महत्वपूर्ण संचिका भी फाड़ दी। जाते-जाते शिक्षक नागेन्द्र राम ने शिकायत करने पर दलित अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की धमकी भी दी। इसकी जानकारी शनिवार को ही जिलाधिकारी को दी गई।

पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा गया है। सुरेन्द्र कुमार की पत्नी और प्रमोद की बहन प्रतिनियुक्ति पर थीं। मेरे द्वारा दिए गए आदेश के कारण उन्हें अपने मूल विद्यालय में योगदान करना पड़ा है। इसी वजह से मेरे साथ ऐसा किया गया। वहीं दूसरी तरफ शिक्षक नागेन्द्र और सुमेश्वर प्रसाद ने भी मिलकर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन नगर थाने में दिया है। पूछने पर सदर डीएसपी सतीश कुमार ने यह जानकारी दी। उनके अनुसार शनिवार को शिक्षा पदाधिकारी के साथ कुछ विवाद हुआ था। इस मामले में दोनों तरफ से प्राथमिकी का आवेदन प्राप्त हुआ है। वहीं सूत्रों का कहना है इन शिक्षकों के विरूद्ध विभागीय कार्रवाई होनी तय है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here