-एक अन्य व्यक्ति भी घायल, नावानगर की घटना
बक्सर खबर। घर से सुबह टहलने निकले वृद्ध को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी ले जा रहा था। लेकिन, रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक प्रेमचंद साह (68) नावानगर के रहने वाले थे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह यह दुर्घटना नावानगर थाना की सीमा में डुमरांव-बिक्रमगंज मार्ग पर नावानगर बड़का तालाब के समीप हुई। अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे चल रहे दो लोगों को टक्कर मार दी थी।
दूसरे घायल का नाम इब्राहिम अंसारी, ग्राम कोड़र, थाना तिलौथू, जिला रोहतास है। स्थानीय लोगों ने दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावानगर पहुंचाया। जहां से प्रेमचंद साह को वाराणसी रेफर कर दिया गया। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों का बयान दर्ज कर कागजी कार्रवाई पूरी की। पूछने पर नावानगर के थानाध्यक्ष नंदू कुमार ने बताया किसी कार ने इन लोगों को टक्कर मारी थी। वह भागने में सफल रहा। प्रशासनिक कार्रवाई पूरी करने के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।