मां की हत्या कर भाग रहा बेटा गिरफ्तार

0
558

संपत्ति विवाद में नालंदा में हुई थी वारदात, एनएच-922 पर पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा                                     बक्सर खबर। नालंदा जिले में मां की हत्या कर फरार हुए आरोपी बेटे को बक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। नया भोजपुर थाना पुलिस ने एनएच-922 पर बड़का ढकाईच गांव के समीप घेराबंदी कर उसे दबोचा। घटना नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र के नरसंडा बाजार की है। मृतका 55 वर्षीय जिलवी देवी बुधवार की रात अपने पांच वर्षीय नाती के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान उनके बेटों और एक रिश्तेदार ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि बड़े बेटे चंद्रभूषण कुमार, मंझले बेटे रविशंकर और उनके रिश्तेदार ने चाकू से गोदकर और गला रेतकर महिला की हत्या कर दी। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गुरुवार सुबह छोटे बेटे रवि राज ने कमरे में मां का खून से लथपथ शव देखा। इसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही नालंदा पुलिस जांच में जुट गई।

तकनीकी अनुसंधान के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मुख्य आरोपी रविशंकर बक्सर की ओर भाग रहा है। इसके बाद नालंदा पुलिस ने बक्सर पुलिस और डुमरांव एसडीपीओ पोलस्त कुमार से संपर्क किया। सूचना मिलते ही नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने एनएच-922 पर घेराबंदी की। पुलिस ने बड़का ढकाईच गांव के समीप आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कृष्णाब्रह्म थाना लाया गया, जहां कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद हत्या की मुख्य वजह सामने आई है। पारिवारिक जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से घर में तनाव चल रहा था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here