डीटीओ कार्यालय में छापेमारी, विदेशी शराब की बोतलें बरामद

0
260

जांच के घेरे में जिला परिवहन पदाधिकारी, कर्मचारियों से पूछताछ तेज                                                            बक्सर खबर। जिला परिवहन कार्यालय में गुरुवार को हुई छापेमारी के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में नगर थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने डीटीओ कार्यालय परिसर से भारी मात्रा में विदेशी शराब की भरी और खाली बोतलें बरामद की। जानकारी के अनुसार बुधवार को डीटीओ द्वारा एक पुलिसकर्मी को फटकार लगाए जाने के अगले ही दिन कार्यालय में शराब रखे होने का वीडियो वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल छापेमारी की गई। टीम ने गार्ड रूम और किचन में रखी चार अलमारियों की तलाशी ली। इस दौरान भारी मात्रा में शराब बरामद हुई। छापेमारी के दौरान कार्यालय के सभी कमरों और अलमारियों की भी सघन जांच की गई।

सूत्रों के मुताबिक जिला परिवहन पदाधिकारी से एक कमरे में बंद कर पूछताछ की गई। वहीं कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों, अधिकारियों और सुरक्षा में तैनात जवानों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच भी कराई गई। घटना के बाद डीटीओ कार्यालय के मुख्य और पिछले गेट पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।इस संबंध में एसपी शुभम आर्य ने कहा कि कार्यालय परिसर से बड़ी मात्रा में शराब की खाली और भरी बोतलें बरामद हुई हैं। मामले की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। घटना के बाद जिले में चर्चाओं का बाजार गर्म है। सबसे ज्यादा सवाल सरकारी कार्यालयों की निगरानी व्यवस्था पर उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सीसीटीवी, सुरक्षा कर्मी और नियमित निगरानी के बावजूद कार्यालय परिसर में शराब कैसे पहुंची। यह चर्चा भी तेज है कि मामला सिर्फ शराब सेवन तक सीमित है या फिर परिसर का इस्तेमाल किसी बड़े अवैध नेटवर्क के लिए किया जा रहा था। फिलहाल जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here