फाउंडेशन स्कूल के चार खिलाड़ियों ने नेशनल खो-खो प्रतियोगिता में लहराया परचम

0
250

राजस्थान, गुजरात और बेंगलुरु में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व कर लौटे होनहार                                    बक्सर खबर। गुरुदास मठिया स्थित फाउंडेशन स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित किया है। विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में बिहार टीम का प्रतिनिधित्व कर सफलतापूर्वक वापसी की है। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं छात्रों में उत्साह और गर्व का वातावरण है। विद्यालय की छात्रा सोनम मौर्य का चयन अंडर-14 बालिका वर्ग में बिहार खो-खो टीम के लिए हुआ। उन्होंने राजस्थान के केकड़ी में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं अमित कुमार एवं अमन कुमार का चयन अंडर-14 बालक वर्ग में हुआ, जिन्होंने गुजरात के सूरत में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व किया।

इसके अतिरिक्त हर्षित चौबे का चयन अंडर-17 वर्ग में बिहार खो-खो टीम के लिए हुआ, जिन्होंने बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सहभागिता की। एक ही विद्यालय से चार विद्यार्थियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन होना विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है। इस सफलता में विद्यालय के कोच इमरान खान, सुनील तिवारी एवं सरदार सिंह का विशेष योगदान रहा। इन प्रशिक्षकों ने खिलाड़ियों को जिला, प्रमंडलीय एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए कड़ी मेहनत और अनुशासित प्रशिक्षण के माध्यम से तैयार किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज त्रिगुण ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि फाउंडेशन स्कूल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here