अवैध वसूली, बदसलूकी और झूठे मुकदमों के खिलाफ अम्बेडकर चौक पर धरना, ट्रैफिक इंचार्ज और एसआई का किया पुतला दहन बक्सर खबर। बहुजन समाज पार्टी जिला इकाई ने सोमवार को यातायात पुलिस के खिलाफ जमकर मोर्चा खोला। पार्टी जिलाध्यक्ष सुभाष गौतम की अध्यक्षता में स्थानीय अम्बेडकर चौक के समीप जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। यह विरोध ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज संजय कुमार और एसआई गौतम कुमार द्वारा लगातार अवैध वसूली, रिक्शा चालकों के उत्पीड़न और सामाजिक कार्यकर्ताओं से बदसलूकी के आरोप को लेकर हुआ। धरना के बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला जो अम्बेडकर चौक से होते हुए वीर कुंवर सिंह चौक तक पहुंचा। यहां ट्रैफिक इंचार्ज और एसआई का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की गई। बसपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ सड़क पर उतर आई और पुलिस प्रशासन के रवैये के खिलाफ आक्रोश जताया।
धरना सभा में वक्ताओं ने ट्रैफिक पुलिस इंचार्ज और एसआई को तत्काल हटाने व बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज किया जाएगा। साथ ही बसपा प्रदेश महासचिव अभिमन्यु सिंह कुशवाहा, जिलाध्यक्ष सुभाष राम और अन्य लोगों पर किए गए झूठे मुकदमों को वापस लेने की मांग भी उठाई गई। इस विरोध प्रदर्शन में अभिमन्यु सिंह कुशवाहा, लालजी राम, सुभाष आंबेडकर, विरेन्द्र कुमार, जयनारायण राम, कमलेश कुमार राव, हरिहर मेहरा, शिव बहादुर पटेल, मोतिउर्रहमान, रमेश राजभर, बड़क राम, पप्पू पटेल, विनोद विद्यार्थी, सरोज कुमार साधु, अनिल कुशवाहा, वीर बहादुर, असई राम, बलभद्र कुशवाहा, उपेन्द्र कुशवाहा, उपेन्द्र मोर्य, रामाकांत राम, पिंटू राम, सुनील कुशवाहा, अरुण यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।