एनडीए हुआ गोलबंद, विरोधियों की बोलती करेगा बंद

0
457

पूर्व विधायक स्वामी नाथ तिवारी बने चुनाव अभियान समिति के संयोजक
बक्सर खबर। छठे चरण का चुनाव प्रचार थम गया है। इस वजह से सातवें चरण के मतदान की तरफ सभी नेताओं का ध्यान चला गया है। इसके लिए रणनीति बनने लगी है। स्टार प्रचारकों का दौरा भी शुरू हो गया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की तैयारी भी चल रही है। गुरुवार को इसके लिए विशेष बैठक बुलायी गयी। जिसमें चुनाव अभियान समिति के संयोजक के रुप में पूर्व विधायक स्वामीनाथ तिवारी का चयन किया गया। जिसमें भाजपा नेताओं के साथ जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, डुमरांव के विधायक ददन यादव व राजपुर के विधायक संतोष निराला भी शामिल हुए।

देश के विकास के लिए एनडीए की सरकार जरुरी
बक्सर खबर । बाईपास रोड स्थित एनडीए के चुनावी कार्यालय पर उपस्थित कार्यकर्ताओं को जदयू के प्रदेश अध्यक्ष दादा ने अपना गुरूमंत्र दिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव सभी चुनावों से हटकर है। देश को एक मजबूत प्रधानमंत्री देने के लिए यह चुनाव हो रहा है। जनता ने मन एनडीए के पक्ष में बना लिया है। बूथ तक वोटर पहुंचे। इसके लिए सभी को कमर कस लेने की आवश्यकता है। जोश व होश के सामंजस्य के साथ आगे बढऩा है। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना है।
सत्य व असत्य के बीच में है लड़ाई: श्री अश्विनी चौबे
बक्सर खबर। एनडीए प्रत्याशी अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि कार्यकर्ताओं व जनता जर्नादन की बदौलत मुझे बक्सर जैसे दिव्य व पवित्र भूमि जिसे दुनिया में मिनी काशी के रूप में जाना जाता है। मुझे सेवा करने का मौका मिला। पांच सालों में हर क्षेत्र में विकास, सबको साथ लेकर सम्मान के साथ इस बक्सर के पवित्र भूमि का नाम रौशन करने का प्रयास किया। 2019 का चुनाव सत्य व असत्य के बीच है। परिवारवाद व राष्ट्रवाद के बीच है। विकास व विनाश के बीच है। एनडीए ने हमेशा सत्य, राष्ट्रवाद, विकास, सबका साथ-सबका विकास के ध्येय से राजनीति की है। श्री चौबे ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि मेरा बूथ सबसे मजबूत हो। गली-मुहल्ले-टोला, शहर हो या गांव लोगों ने श्री नरेंद्र भाई मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। कार्यकर्ता साथी अपने बूथ को मजबूत बनाने में जुट जाएं। नया बिहार-नया भारत बनाना है। देश व प्रदेश की डबल इंजन वाली एनडीए की सरकार को लोग चाहते हैं। जनता की भावनाओं पर हम सभी को खरा उतरना है। 19 मई को इस आध्यात्मिक-ऐतिहासिक नगरी में इतिहास रचना है।
नीतीश-मोदी की जोड़ी को लेकर जनता में उत्साह: संतोष
बैठक में उपस्थित राजपुर के विधायक, प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला ने कहा कि एनडीए सबको साथ लेकर सबके विकास के लिए कार्य करती है। विकास की गाड़ी यूं ही सरपट दौड़ती रहे। इसके लिए फिर से केंद्र में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनाने के लिए हम सभी का लक्ष्य है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए सभी को रात-दिन एक करना है। हर बूथ से जीत सुनिश्चित हो। इसका ख्याल रखना है।
बक्सर सीट पर होगी जीत, मोदी जी के नेतृत्व में मजबूत सरकार का होगा गठन: ददन
जनता दल यूनाईटेड के डुमरांव से विधायक ददन पहलवान ने कहा कि जनता में उत्साह आशीर्वाद, कार्यकर्ताओं का आत्मबल, नीतीश कुमार व नरेंद्र मोदी का विकासोन्मुखी कार्य की बदौलत देश में एनडीए की सरकार बनेगी। बक्सर सीट पर जीत मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पूरी लगन के साथ बूथ स्तर पर लग जाएं। इस चुनाव से नए भारत का भविष्य तय होने वाला है। एक मजबूत सरकार ही देश का विकास करती है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बदौलत आज पूरे देश सहित विदेश में बिहारियों का मान सम्मान बढ़ा है। एनडीए प्रत्याशी अश्विनी कुमार चौबे के पक्ष में एनडीए सरकार की उपलब्धियों को ले जाने का आह्वान किया। जनता यूनाइटेड के पूर्व प्रत्याशी श्यामलाल सिंह कुशवाहा ने भी बैठक को संबोधित किया। इसके अलावा जदयू द्वारा आहुत बैठक में भी प्रदेश अध्यक्ष शामिल हुए। जिसका संयोजन पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह ने किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here