‌‌‌स्वास्थ्य सचिव ने लगाई फटकार, जताया असंतोष

0
486

-बहाल होंगे आरोग्य मित्र, एक लाख कार्ड बनाने का दिया लक्ष्य
बक्सर खबर। स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह आज सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने समाहरणालय में विभाग की बैठक ली। यहां की स्वास्थ्य सेवाओं का हाल जाना। साथ ही आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्या योजना के बारे में गहन समीक्षा की। यहां की प्रगति जान असंतोष जताया और अधिकारियों को फटकार लगायी। उन्होंने कहा यह योजना गरीब और असहाय लोगों के लिए बहुत ही कारगर है। पात्र लोगों की पहचान कर उनका कार्ड जल्द से जल्द बनाया जाए। जिससे वे बड़ी बीमारियों का उपचार भी आसानी से मुफ्त करा सकेंगे।

सचिव सह कार्यपालक पदाधिकारी बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति ने कहा कि कार्ड के आधार पर उपचार करने वाले सरकारी अस्पतालों को भी राशि मिलेगी। आप सभी यहां की स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाए। दिसम्बर माह के दौरान उन्होंने एक लाख गोल्डेन कार्ड बनाने का लक्ष्य जिले को दिया। गांव-गांव तक योजना को प्रभावी बनाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों का सहयोग लेने की बात कही। उन्होंने कहा जल्द ही आरोग्य मित्र बहाल होंगे। बैठक में जिलाधिकारी राघवेन्द्र सिंह, सिविल सर्जन, सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के प्रभारी चिकित्सक व आई सी डीएस के पदाधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here