– गेहूं की फसल जलने से किसानों का भारी नुकसान
बक्सर खबर। इटाढ़ी थाना के बकसड़ा गांव के बधार में लगी आग के कारण सात बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जिससे आग पर काबू पाया गया। हालांकि उसके पहुंचने से पहले तत्पर ग्रामीणों ने बहुत ही परिश्रम किया और आग को फैलने से रोका। ग्रामीणों ने बताया बकसड़ा गांव के रहने वाले अखिलेश कुमार सिंह उर्फ टुनटुन सिंह के खेत में फसल लगी हुई थी। इसी बीच कहीं से चिंगारी आ गिरी और धीरे-धीरे गेहूं की फसल में आग लग गई।
लेकिन, समय रहते लोगों की उसपर नजर पड़ गई। लोगों ने इसकी सूचना इटाढ़ी पुलिस को दी। वहां से फायर बिग्रेड को सूचना दी गई। इस तरह आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों के अनुसार टुनटुन सिंह के अलावा भरत साह, सुरेश साह के एक एक बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई है। वहीं सूत्रों की माने तो गांव में किसी की फसल कटी हुई थी और उसी ने अपने खेत में आग लगा दिया। जिसकी चिंगारी उड़कर टुनटुन सिंह के खेत में जा गिरी और गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। थानाध्यक्ष रविकांत ने बताया कि चिंगारी से आग लगी है। मामले की जांच की जा रही है।
































































































