तूती बोले ऐसी: बाबू साहब नीलाम करा ले गए शहर

0
1396

-टेम्पों स्टैंड में 21 लाख की बोली लगा मचा दी खलबली
-18 सैरातों की बंदोबस्ती में पूर्व के लोगों का रहा दबदबा
बक्सर खबर। कहते हैं जिसकी चलती है, उसका भूत भी हर हांकता है। नगर परिषद में शुक्रवार को शहर की 18 सैरातों के लिए नीलामी आयोजित की थी। वे लोग पहुंचे, जिन्होंने पूर्व से नीलामी के लिए आवेदन दे रखा था। डांक शुरू हुई तो जय प्रकाश बस पड़ाव, उसी के अंदर लगने वाली दुकानें, जीप स्टैंड, श्मशान घाट, कुल मिलाकर पांच की बंदोबस्ती एक कंपनी के नाम हुई। जिसका वर्षों से इस पर कब्जा है। इसमें दूसरा कोई पंगा लेना भी नहीं चाहता।

इस सिलसिले में पूछने पर एक शख्स ने बताया। टेंडर में अब पहले बात नहीं है। भैया की कंपनी कई वर्षो से बोली लगाती आई है। बस उसी का निर्वाह हो रहा है। वहीं दूसरी तरफ टेम्पों स्टैंड की बोली में ऐसा खेल हुआ कि नीलामी में भाग लेने वालों में खलबली मच गई। एक निविदा दाता ने 21 लाख बोल दिया। नतीजा जो बीच में फडफ़ड़ा रहे थे वे खामोश हो गए। हालांकि सूत्रों की माने तो तीन लाख की जगह 21 बोलने वाला अपना गेम कर निविदा से हट गया।

गांधी बाजार व ताड़ी उतारने की नीलामी नहीं हुई। क्योंकि किसी ने भाग ही नहीं लिया। मछली, मीट बाजार, अंबेडकर बाजार, विज्ञान होर्डींग, जहाज घाट, संग्रहालय के पास का शौचालय आदि का टेंडर भी हो गया। लेकिन, कौन किसके नाम से हुआ यह पूछने पर पूरी जानकारी नहीं मिली। नगर परिषद के उपाध्यक्ष बबन सिंह से इस सिलसिले में पूछा गया। उन्होंने कहा पांच मेरे सामने हुए थे। फिर मैं चला आया। कुल मिलकर कोई बोलने को तैयार नहीं है। इतना जरुर बताया गया। जिनकी नीलामी नहीं हो सकी है। उसके लिए पूर्व से ही तिथियां निर्धारित हैं। आगे भी बंदोबस्ती होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here