डुमरांव नगर परिषद की निवर्तमान चेयरमैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

0
375

– बगैर बजट प्राक्कलन के ही राशि निकासी का लगा है गंभीर आरोप
बक्सर खबर। डुमरांव नगर परिषद के निवर्तमान चेयरमैन भाग्यमनी देवी पर ईओ मनोज कुमार ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पटना हाई कोर्ट में दायर सीडब्लूजेसी नंबर 4704/2021 विभा देवी बनाम राज्य सरकार एवं अन्य में 28 अप्रैल 2021 को पारित आदेश के बाद जांच शुरू हुई। डीएम के निर्देश पर 3 सितंबर 2021 को अपर समाहर्ता तथा डुमरांव एसडीओ के संयुक्त जांच रिपोर्ट के बाद ऐसा किया गया है। बता दें कि अपर समाहर्ता व एसडीओ के जांच रिपोर्ट में निवर्तमान पार्षद पर लगे आरोप की पुष्टि हुई थी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही डीएम अमन समीर ने निवर्तमान मुख्य पार्षद पर एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश ईओ मनोज कुमार को दिया। आदेश का अनुपालन करते हुए कार्यपालक पदाधिकारी ने डुमरांव थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

एफआईआर में लगे है गंभीर आरोप
बक्सर खबर। थाने में जो प्राथमिकी दर्ज हुई है उसमें निवर्तमान चेयरमैन पर बजट प्राक्कलन प्रस्तुत नहीं करने, बिना बजट प्राक्कलन के अनियमित रूप से निकासी तथा व्यय करने जैसे संगीन आरोप लगाए है। एफआईआर दर्ज होने के बाद निवर्तमान पार्षद की मुश्किलें बढ़ गई है।

चेयरमैन ने आरोपों को किया खारिज
बक्सर खबर। वही निवर्तमान पार्षद भाग्यमनी देवी ने अपने उपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि राजनीतिक साजिश के तहत उन पर एकपक्षीय कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि बजट प्राक्कलन बनाने का काम ईओ का होता है। पूर्व ईओ सुजीत कुमार ने बजट प्राक्कलन तैयार नहीं किया था। उन्होंने बिना बजट प्राक्कलन के व्यय के आरोपों को भी निराधार बताते हुए कहा कि निष्पक्ष जांच में उन पर लगे आरोप निराधार साबित होंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई एक पक्षीय है। नियमतः पूर्व ईओ पर भी एफआईआर दर्ज होना चाहिए था।

पूर्व ईओ पर लगते रहे है गंभीर आरोप
बक्सर खबर। पूर्व कार्यपालक पदाधिकारी सुजीत कुमार का कार्यकाल भी डुमरांव में विवादों से घिरा रहा है। कई मर्तबा उनके ऊपर लूट खसोट के कई गंभीर आरोप लगे थे। डुमरांव के सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा उनकी संपत्ति की जांच भी निगरानी से कराने की मांग की जा चुकी है। हालांकि इस संबंध में पूर्व ईओ से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। इस संबंध में पूछने पर ए एसपी राज ने कहा कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज हुई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here