‌‌‌ भूमि विवाद में चली गोली, आठ नामजद दो गिरफ्तार

0
2606

-घायल को पटना में चल रहा उपचार, मौके से बाइक बरामद
बक्सर खबर। भूमि विवाद को लेकर वासुदेव ओपी के आथर गांव में रविवार की रात गोली चल गई। गोली लगने से अधेड़ हीरालाल यादव घायल हो गए। परिवार वालों ने तत्काल इसकी सूचना 112 पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया। जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर दिया गया है। घायल के भाई उमेश यादव ने इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने उस आधार पर ओम प्रकाश यादव व उनके पुत्र सुनील यादव को गिरफ्तार कर लिया है।

इस बाबत पूछने पर ओपी प्रभारी विष्णु देव ने बताया कि हीरालाल यादव व सुनील यादव के मध्य चार-पांच कट्ठे जमीन का विवाद पहले से चला आ रहा था। रविवार को उसी मामले में विवाद हुआ। शिकायत करने वालों ने बताया कि सुनील यादव ने अपने दो भांजे नीतीश व बिट्टू यादव ग्राम मझरियां, थाना औद्योगिक को बुलाया था। दो बाइक पर उनके साथ अन्य चार लोग भी आए थे। उन लोगों ने आते ही हीरालाल यादव को गोली मार दी। भागने के दौरान एक बाइक स्टार्ट नहीं हुई तो उसे छोड़ गए। पूछने पर पुलिस ने बताया कि घायल को गोली छाती के पास लगी है। लेकिन, उसका जख्म गहरा नहीं है। लेकिन, उनके सिर में गहरी चोट आई है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here