– परिजनों ने कहा गए थे ब्रह्म स्थान का दर्शन करने
बक्सर खबर। ट्रेन की चपेट में आने से जीजा साली की शनिवार को मौत हो गई। यह दुर्घटना डुमरांव स्टेशन से सटे अपकारी ब्रह्मस्थान के पास हुई है। जब लोगों ने यह नजारा देखा तो तुरंत रेल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची जीआरपी की टीम ने देखा कि दोनों के सर धड़ से अलग हैं। उनके पास से आधार कार्ड व अन्य कागजात मिले। जिसके आधार उनकी पहचान रविशंकर कुमार सिंह (30वर्ष) ग्राम केश्वरपुर, थाना नारायणपुर, जिला भोजपुर एवं सोनाली कुमारी (23वर्ष), ग्राम सलाढ़ी, थाना गड़हनी, जिला भोजपुर के रुप में हुई। दुर्घटना दिन के दस बजे के लगभग हुई।
शव डाउन लाइन के पोल संख्या 646/28-30 के पास पड़े थे। परिजनों को इसकी सूचना दी गई। जब घर वाले पहुंचे तो पता चला दोनों रिश्ते में जीजा-साली हैं। वे लोग डुमरांव स्टेशन के पश्चिम स्थित अपकारी ब्रह्मस्थान का दर्शन करने आए थे। संभवत: पटरी पार करते समय वे किसी ट्रेन की चपेट में आ गए होंगे। हालांकि जिस तरह उनके सिर धड़ से अलग हुए हैं। वह लोगों को उलझन में डाल रहे हैं। लेकिन, दुर्घटना इतनी दर्दनाक है कि लोग नजारा देख भावुक हो जा रहे थे। पूछने पर ज्ञात हुआ कि दोनों ही शादीशुदा थे। जीआरपी प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिया गया है। यह दुर्घटना है या आत्महत्या कुछ कहना मुश्किल है।



































































































