सशक्त स्थाई समिति की बैठक में विकास योजनाओं को मिली हरी झंडी

0
130

हाई मास्ट लाइट, पेयजल व्यवस्था, फॉगिंग मशीन सहित कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित                               बक्सर खबर। नगर पंचायत चौसा कार्यालय में सोमवार को सशक्त स्थाई समिति की बैठक मुख्य पार्षद किरण देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य पार्षद किरण देवी ने कहा कि नगर क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत जरूरत के अनुसार नगर में हाई मास्ट लाइट लगाने का निर्णय लिया गया, जिससे रात के समय बेहतर रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। गर्मी को देखते हुए वार्डों में आम लोगों के लिए पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु समरसेबल के साथ पानी की टंकी लगाने का निर्णय लिया गया। साथ ही, जिन क्षेत्रों में पीएचईडी द्वारा पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है, वहां चापाकल निर्माण कराने की भी स्वीकृति दी गई। बैठक में नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सामुदायिक शेड निर्माण, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से राहत दिलाने के लिए वाहन युक्त फॉगिंग मशीन की खरीद, तथा आगामी बरसात को देखते हुए नालों की सफाई कराने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किए गए।

इसके अतिरिक्त नगर विकास एवं आवास विभाग की योजना के तहत चौक-चौराहों को विरासत और संस्कृति की पहचान के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से चौसा यादव मोड़ के विकास के लिए पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजकर एनओसी मांगी जाएगी। साथ ही, शहीद सुनील यादव के नाम पर तोरण द्वार एवं प्रतीक चिन्ह स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया। बैठक में नाली-गली से संबंधित अन्य योजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई, जिन्हें निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कराया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि चौसा के समग्र विकास के लिए नगर क्षेत्र में रोशनी, पेयजल और अन्य जन-उपयोगी सुविधाओं को सुदृढ़ करने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। बैठक में सशक्त स्थाई समिति के सदस्य ललिता देवी, चंदन चौधरी, आनंद कुमार रावत के अलावा सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी मोहम्मद अरशद हैदर नकवी एवं प्रभारी प्रधान सहायक सत्य प्रकाश उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here