सशक्त स्थायी समिति की बैठक में 17 एजेंडों पर मुहर, इंडोर स्टेडियम, जिम, एम्बुलेंस और दो शव वाहन खरीदने का लिया गया निर्णय बक्सर खबर। शहर की महिलाओं को अब सुरक्षित और सुलभ सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलने जा रही है। नगर परिषद ने महिलाओं के लिए नि:शुल्क पिंक बस सेवा शुरू करने का बड़ा निर्णय लिया है। इसके तहत दो प्रिमियम ट्रेवलर बसों की खरीदारी की जाएगी, जो दल सागर से ठोरा पुल तक संचालित होंगी। खास बात यह है कि इस सेवा में महिलाओं से किसी प्रकार का किराया नहीं लिया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को नगर परिषद कार्यालय के सभागार में आयोजित सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता सभापति कमरून निशा ने की, जिसमें कुल 17 महत्वपूर्ण एजेंडों को सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में शहर के विभिन्न इलाकों में आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए कई योजनाओं पर मुहर लगी।
पीपी रोड के ताड़का नाला से मुनीम चौक तक आरसीसी नाला, सड़क कालीकरण और पेवर ब्लॉक लगाने के लिए निविदा निकलेगी। शहीद भगत सिंह चौक से मठिया मोहल्ला होते हुए मृत नहर पुलिया तक सड़क चौड़ीकरण, नाला और फुटपाथ निर्माण होगा। मठिया से वीर कुंवर सिंह पुल तक भी इसी तरह के कार्य कराए जाएंगे। सराय फाटक से जमुना चौक तक सड़क, नाला और फुटपाथ निर्माण की योजना को भी मंजूरी मिली।स्टेशन रोड स्थित राम जानकी पोखर के विकास और जासो रोड में आरसीसी नाला निर्माण पर सहमति बनी। नगर परिषद ने शहर की स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए दो लाइफ सपोर्टिंग एंबुलेंस, दो शव वाहन खरीदने का निर्णय लिया है। युवाओं को ध्यान में रखते हुए परिषद ने सभी 42 वार्डों में जगह चिन्हित कर व्यायामशाला निर्माण। सिविल लाइन स्थित खदान की जमीन पर इंडोर स्टेडियम बनाने का फैसला लिया है। शहर को रोशन और आकर्षक बनाने के लिए 7 हजार एलईडी लाइट वार्डों में लगाई जाएंगी। करीब 2500 फैंसी एलईडी लाइटें विद्युत पोल पर लगेंगी।
भीषण गर्मी को देखते हुए परिषद ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर टेंट, शेड, नींबू पानी, ग्लूकोज, इलेक्ट्राल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। शहर के वाटर एटीएम की खराबी को तुरंत ठीक कराया जाएगा। बीबी हाई स्कूल मैदान के विकास के लिए एनओसी पर विचार। वार्ड 17 के पुस्तकालय रोड का कालीकरण और नाला निर्माण।असकामनी माता मंदिर से ठाकुरबाड़ी मंदिर तक नाला व फुटपाथ निर्माण का निर्णय लिया गया। बैठक में उप सभापति बेबी देवी, सदस्य इंद्र प्रताप सिंह, मनोज कुमार, राजू कुमार राय, अंजू सिंह, दिलीप कुमार सहित कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋत्विक मौजूद रहे।































































































