फायर स्टेशन में होली मिलन सह जागरूकता कार्यक्रम, गैस एजेंसी, पेट्रोल पंप और मैरेज हॉल संचालकों को दिए गए सुरक्षा निर्देश बक्सर खबर। शहर के बाजार समिति रोड स्थित फायर स्टेशन परिसर में जिला अग्निशमन पदाधिकारी की अध्यक्षता में होली मिलन सह जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य होली पर्व के दौरान संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं विभिन्न प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंप संचालकों, मैरेज हॉल एवं रेस्टोरेंट प्रबंधकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान सदर अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी सत्यदेव सिंह, डुमरांव अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी शिखा कुमारी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी ने अपने संबोधन में सभी प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया कि वे अपने संस्थानों में अग्निशामक यंत्रों की नियमित जांच सुनिश्चित करें। साथ ही हाइड्रेंट एवं जल स्रोतों की कार्यशीलता बनाए रखने, विद्युत वायरिंग की समय-समय पर जांच कराने तथा कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग का समुचित प्रशिक्षण देने पर विशेष जोर दिया। सेमिनार के दौरान अग्नि से बचाव के व्यावहारिक उपायों, आपातकालीन निकास मार्ग की समुचित व्यवस्था, अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग एवं मॉक ड्रिल के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान लापरवाही छोटी चूक को बड़ी दुर्घटना में बदल सकती है, इसलिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। कार्यक्रम का समापन होली मिलन के सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी सहयोग और समन्वय के संकल्प के साथ हुआ।



































































































