दरवाजे को बाहर से बंद कर निकले चुपचाप, पुलिस गश्ती पर उठे सवाल बक्सर खबर। मुरार थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव में सोमवार की रात एक बड़ी चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। चोरों ने गांव के इंद्रदेव यादव के घर को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने चुरा लिए। घटना के वक्त घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। चोर छत के रास्ते घर में घुसे और अलमारी-बक्से तोड़कर जेवर समेट ले गए।घरवालों को चोरी की भनक तब लगी जब आधी रात के बाद कुछ भागने की आहट सुनाई दी। सुबह उठने पर जब भीतर का नजारा देखा गया तो घर का सामान बिखरा हुआ मिला। खेत में एक बैग और ब्रीफकेस भी बरामद हुआ है, जिससे लगता है कि चोरों ने जल्दीबाजी में कुछ सामान वहीं फेंक दिया।
पीड़ित इंद्रदेव यादव ने बताया कि सोने की चेन, गले का हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमके, बाली और पायल समेत करीब डेढ़ भर सोने-चांदी के गहने चोरी हो गए हैं। उन्होंने अंदेशा जताया कि चोर रात करीब 2 बजे के आसपास घर में घुसे थे। परिवार की महिला सदस्य रिंकू देवी ने बताया कि वह रात 12 बजे तक जाग रही थीं। करीब ढाई बजे जेठानी ने खिड़की से आवाज देकर जगाया और बताया कि चोरी हो गई है। उन्होंने बताया कि चोरों ने कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया था, जिससे किसी को कुछ पता ही नहीं चला। इस घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस की गश्ती अगर ठीक से होती, तो चोर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे पाते। लोगों ने मुरार थाना की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।