अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित,गांव में पसरा मातम बक्सर खबर। मुरार थाना क्षेत्र के वैदा गांव से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। शुक्रवार की सुबह पोखरे में नहाने गए 17 साल के एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही मैनेजर यादव के बेटे अनीश यादव के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अनीश अपने चार-पांच दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित पोखरे में नहाने गया था। सभी मजे से नहा रहे थे, लेकिन तभी अनीश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
दोस्तों ने जब उसे डूबते देखा तो जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया। उनकी आवाज सुनकर पास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह अनीश को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद आनन-फानन में उसे चौगाईं पीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां-बाप बेसुध हैं, वहीं गांव में भी मातमी सन्नाटा छा गया है। लोग इस घटना को लेकर गमगीन हैं और हर कोई अनीश के असमय चले जाने से दुखी है। उसकी मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।































































































