-नोएडा से हुई गिरफ्तारी, धनसोई पुलिस की कार्रवाई
बक्सर खबर। फर्जी कंपनी बनाकर लोगों से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी करने वाला जालसाज गिरफ्तार हो गया है। धनसोई थाने की स्पेशल टीम उसे गिरफ्तार करने पिछले दिनों यूपी के नोएडा पहुंची थी। उसे गौतमबुद्ध नगर कोतवाली के सेक्टर 71 से दबोचा गया। आरोपी युवक का नाम हरिओम मिश्रा है। जो धनसोई थाना के दयालपुर गांव का निवासी है। इस संबंध में पूछने पर एसपी नीरज कुमार सिंह ने कहा कि यह लंबे समय से फरार था। वर्ष 2019 में इसके खिलाफ धनसोई में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। तब से इसकी तलाश जारी थी।
उनके अनुसार इसके खिलाफ बिहार और यूपी में लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी करने वाले धनसोई के थानाध्यक्ष कमल नयन पांडेय के अनुसार इसके विरुद्ध एक करोड़ 45 लाख 70 हजार रुपये का फर्जीवाड़ा करने का आरोप है। इसके खिलाफ न्यायालय से वारंट भी जारी था। चुकी यह गैर प्रदेश में छिपकर रह रहा था। इस लिए पुलिस को उसकी गिरफ्तारी चुनौती भरी थी। लेकिन, कप्तान के कुशल नेतृत्व में हमारी टीम ने इस काम को पूरा किया। पिछले दिनों उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पूछने पर उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी नीलम देवी के साथ मिलकर फर्जी कंपनी चला रहा था। उसी के नाम पर कई लोगों से रुपये लिए थे। जब लोगों ने रकम वापस मांगी तो उन्हें चेक देता गया। जिसको भी उसने चेक दिया। वह सभी बाउंस होते गए। और इसके खिलाफ एक-एक कर कई मामले दर्ज हो गए।






























































































