सड़क हादसे के शिकार बच्चे की हुई पहचान, विरोध में सड़क जाम

0
1381

बक्सर खबर। ईटाढी रोड में डीएवी स्कूल के समीप ट्रक की चपेट में आए मासूम बच्चे की पहचान हो गई है। पांच वर्षीय जयवीर पसहरा लख निवासी धीरेन्द्र चौधरी का पुत्र था। हादसा आज मंगलवार की सुबह साढ़े नौ बजे के लगभग हुआ। जब वह अपनी दादी और सात वर्षीय बहन पिहु के साथ डीएवी स्कूल के समीप जा रहा था। वहां चौधरी का घर बन रहा है। दादी वहीं खाना पहुंचाने जा रही थी। वे तीनों सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच तेज गति से गुजर रहे वाहन ने उन्हें कुचल दिया। दुर्घटना में बच्चा वाहन के नीचे आ गया। वहां से गुजर रहे लोगों ने तत्काल बच्चे को सदर अस्पताल पहुंचाया। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घायल बहन का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। सूचना के अनुसार वह खतरे से बाहर है। बक्सर खबर ने स्थानीय सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर यह खबर प्रसारित की थी। वाहन की चपेट में आने से बच्चे की दर्दनाक मौत। उस समय उनकी पहचान नहीं हो पाई थी। साथ ही यह ज्ञात हुआ था कि बच्चे स्कूल जा रहे थे। लेकिन, अब परिजन भी अस्पताल पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चे दादी के साथ जा रहे थे। किस्मत देखिए दादी बच गई और पांच वर्ष का मासूम जयवीर काल के गाल में समा गया। परिवार वालों के अनुसार पिहू खतरे से बाहर है।
विरोध में है सड़क जाम
बक्सर खबर। सूचना के अनुसार ईटाढ़ी रेलवे क्रासिंग के समीप घटना के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर रखा है। प्रशासन वहां मुस्तैद है। लेकिन, रेलवे क्रासिंग के दोनों तरफ भारी जाम लग गया है। प्रदर्शन करने वालों को शांत कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी अपने स्तर से प्रयास कर रहे हैं। वरीय अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here