– घर के बगल में स्थित नीम के पेड़ से लटका मिला शव
बक्सर खबर। चक्की थाना के चंदा गांव में 25 वर्षीय युवक फंदे से लट अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना सोमवार की रात की है। परिजनों को इसकी भनक आज मंगलवार की सुबह लगी। इसके बाद स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया। मृतक की पहचान गोलू यादव पिता बिरेन्द्र यादव के रूप में हुई। सूत्रों के अनुसार सोमवार की रात घर पर खाना खाकर छत पर सोने चला गया था। अहले सुबह घर के बगल में स्थित नीम के पेड़ पर फंदा डाल उसने फांसी लगा लिया था। सुबह करीब पांच बजे स्वजनों की नींद खुली। उन्होंने देखा गोलू छत पर नहीं है।
अभी लोग उसकी तलाश शुरू ही किए थे कि नीम के पेड़ से लटका उसका शव नजर आया। जाहिर है उसने फांसी लगा आत्महत्या कर ली थी। ग्रामीण सूत्रों की मानें तो उसे नशे की लत लग गई थी। दो माह पहले ही उसकी सगाई भी टूट गई थी। माना जा रहा है कि नशे की लत, सगाई टूटने के डिप्रेशन व घरेलू विवाद में ही उसने ऐसा कदम उठाया है। बहरहाल पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि इन अटकलों के मध्य पुत्र को खोने के गम में परिजन रो-रो कर बेहाल हैं। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।